ग़ाज़ीपुर

पांच दशकों के अवैध कब्जे से ऐतिहासिक जलाशय हुआ मुक्त

गाजीपुर, सैदपुर – जिला प्रशासन ने सिधौना गांव में स्थित ऐतिहासिक जलाशय की करीब 5 बीघा जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर शनिवार को प्रशासन और पुलिस की टीम ने जेसीबी लगाकर तालाब की जमीन से अतिक्रमण हटवाया।सिधौना गांव के बीचोंबीच आम, बरगद, पीपल, पाकड़, गूलर व फलदार वृक्षों से घिरा यह विशाल जलाशय पिछले पचास वर्षों से अतिक्रमण का शिकार था। गांव के ही कई लोगों ने लंबे समय से जलाशय की भूमि को विवादित बना रखा था।शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश उपाध्याय के निर्देश पर तहसीलदार सैदपुर हिमांशु सिंह और खानपुर एसओ राजीव पांडेय भारी पुलिस बल के साथ सिधौना पहुंचे। लेखपाल बालकृष्ण श्रीवास्तव द्वारा जमीन का सीमांकन करने के बाद जेसीबी से अवैध कब्जा हटाया गया।अधिकारियों ने कब्जाधारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जलाशयों पर अवैध कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। जलीय जमीन का सीमांकन कर जलाशय निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्राम पंचायत के सहयोग से जलाशय के किनारों पर पक्का घाट बनाया जाएगा और प्रकाश की व्यवस्था कर इसे रमणीय स्थल का स्वरूप दिया जाएगा।वर्षों पहले इस सरोवर किनारे महिलाओं के जिउतिया, ललही छठ, गोवर्धन पूजा, यम दीपक पूजा के साथ श्राद्ध व तर्पण कार्य भी किया जाता रहा है। बाढ़ के समय इसमें गोमती नदी का जल भर जाता है। सरोवर के निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।इस मौके पर एसओ खानपुर राजीव पांडेय, सिधौना चौकी इंचार्ज सुधीर राय सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।