ग़ाज़ीपुर

महिनों से बाधित है विद्युत आपूर्ति, ग्रामीणों में रोष

भांवरकोल, गाजीपुर – खैराबारी विद्युत उपकेंद्र के खरडीहा फीडर पर आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुई हाईटेंशन लाइन की महीनों बाद भी मरम्मत न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कई बार शिकायत के बाद भी गंभीर नहीं हैं।कुछ महीने पहले आए तेज आंधी-तूफान के दौरान खरडीहा और गोड़ी गांव के बीच हाईटेंशन लाइन के तीन बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। तार भी टूटकर गिर गए थे। घटना के बाद से अब तक लाइन की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से खेती-किसानी का काम ठप है। घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शाम होते ही गांव में अंधेरा पसर जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से समस्या से अवगत कराया गया। हर बार केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं हुआ। विभागीय उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों को आशंका है कि बरसात के मौसम में क्षतिग्रस्त पोल और लटकते तार किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। खेतों में पानी भरने के बाद करंट का खतरा और बढ़ जाएगा।इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ विजय कन्नौजिया एवं जेई रमेश मौर्य से पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों का फोन रिसीव नहीं हुआ।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल मरम्मत कार्य कराने और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।