गड्ढा व किचड़ युक्त सड़क पर आक्रोशित ग्रामीणों ने रोपा धान

मुहम्मदाबाद, गाजीपुर – तहसील क्षेत्र के सुखडेहरा गांव में बदहाल सड़क और जलजमाव से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को अनोखे तरीके से विरोध जताया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कीचड़ से भरी सड़क पर ही धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की।ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मुख्य सड़क कई महीनों से गड्ढों में तब्दील है। बरसात का पानी भरने से पूरी सड़क तालाब जैसी दिखने लगी है। कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और वाहन खराब हो रहे हैं।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर 13 अप्रैल को जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी। लेकिन ढाई महीने बीत जाने के बाद भी अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं कराया गया। शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात तेज होने से पहले सड़क को गड्ढामुक्त कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि विकास के दावों के बीच गांव की यह सड़क प्रशासनिक उदासीनता की पोल खोल रही है।इस संबंध में अवर अभियंता राजेश यादव ने बताया कि सुखडेहरा गांव की सड़क की समस्या संज्ञान में है। सड़क की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।








