पूर्वांचल

187 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन वाले गौ-तस्करों के नेटवर्क का खुलासा

चन्दौली, 29 जून 2026 – चन्दौली पुलिस ने गौ-तस्करी के अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर बड़ी चोट की है। थाना सैयदराजा, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने 25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त अखिलेश कुमार को बिहार के रोहतास से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गौ-तस्करों को 2.5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाने और संगठित गिरोह का हिस्सा होने का आरोप है। मोबाइल शाप की आड़ में तस्करी का पैसा:27 वर्षीय अखिलेश कुमार पुत्र सुभाष सिंह, निवासी खुरमाबाद थाना चेनारी, जिला रोहतास बिहार को उसकी मोबाइल/हार्डवेयर शॉप से दबोचा गया। पुलिस जांच में सामने आया कि अखिलेश की शॉप सिर्फ दिखावे के लिए थी। उसके बैंक खाते से 4.77 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ, लेकिन इसका कोई वैध दस्तावेज या सीएससी सेंटर नहीं मिला।बैंक डिटेल खंगालने पर पता चला कि अखिलेश ने मोहम्मद अफजल, शेख सुल्तान, सोनू कुरैशी, पवन कुमार, अफजल समेत अन्य गौ-तस्करों को करीब 2.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। यह रकम संगठित गौ-तस्करी नेटवर्क को चलाने में इस्तेमाल हो रही थी। 187 करोड़ के लेन-देन वाले गिरोह का खुलासा: इस मामले की पृष्ठभूमि 9 अक्टूबर 2025 को दर्ज मु0अ0सं0 308/2025 से जुड़ी है। विवेचना में पता चला कि यह 31 लोगों का संगठित गिरोह है जो गौ-तस्करी करता है। गिरोह ने आपस में 187 करोड़ रुपये का लेन-देन किया है। जांच के दौरान 6 जनवरी 2026 को अखिलेश का नाम सामने आया, जिसके बाद उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ में कबूला जुर्म:गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अखिलेश ने कबूल किया कि वह अपने बैंक खाते से मोहम्मद अफजल, शेख सुल्तान, सोनू कुरैशी, पवन कुमार, अफजल आदि को पैसा भेजकर गौ-तस्करी करवा रहा था। आरोपी पर BNS की धारा 109, 111(2), 111(3) के तहत केस दर्ज है।इस बड़ी कार्रवाई को थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष कन्दवा राजीव मल्ल, स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी उ0नि0 आशीष मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उ0नि0 अनिल यादव, उ0नि0 अजय यादव समेत अलीनगर, कन्दवा और सैयदराजा थाने के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।पुलिस अब गिरोह के बाकी 30 सदस्यों और 187 करोड़ के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। गिरफ्तार अखिलेश के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।