ग़ाज़ीपुर

विनीत राय हत्याकांड में दो सगे भाई गिरफ्तार

गाजीपुर, 29 जून 2026 – जिले में सनसनी फैलाने वाले बिन्दू होटल मालिक के बेटे विनीत राय हत्याकांड में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार को इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को गाजीपुर घाट स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान दबोचा गया।थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित बिन्दू होटल के मालिक के बेटे विनीत राय की हत्या को लेकर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 0365/2026 धारा 103(1), 191(2), 3(5), 61(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज था। हत्या की इस वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।29 जून को प्र0नि0 प्रमोद कुमार सिंह हमराह फोर्स के साथ गाजीपुर घाट स्टेशन के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने विनीत राय हत्याकांड में प्रकाश में आए दो अभियुक्तों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुमित पाण्डेय उम्र करीब 23 वर्ष और उसके छोटे भाई सत्यप्रकाश पाण्डेय उर्फ मुनि उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रविशंकर पाण्डेय उर्फ रवि शेखर पाण्डेय के बेटे हैं और गौसाबाद, थाना कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों सगे भाई हैं।पुलिस के अनुसार आरोपियों पर BNS की धारा 103(1) – हत्या, 191(2) – दंगा, 3(5) – आपराधिक कृत्य में शामिल होना, 61(2) – आपराधिक षड्यंत्र के तहत मुकदमा दर्ज है। यह सभी गंभीर धाराएं हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह, साजिश में शामिल अन्य लोगों और वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में जानकारी जुटा रही है।फिलहाल दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। अभी तक इनके खिलाफ थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 365/2026 धारा 103(1), 191(2), 3(5), 61(2) बीएनएस दर्ज है। पुलिस अन्य थानों से भी इनका रिकॉर्ड खंगाल रही है।इस बड़ी कार्रवाई को प्र0नि0 प्रमोद कुमार सिंह मय हमराह और उ0नि0 विजय कुमार चौकी प्रभारी खुदाईपुरा थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा ताकि हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच हो सके। बिन्दू होटल मालिक के बेटे की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल था। दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।