फायर सेफ्टी में फेल 22 कोचिंग -लाइब्रेरी सील

गाजीपुर, 29 जून 2026 – लखनऊ के अलीगंज में हुए दुखद अग्निकांड के बाद गाजीपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। शासन के निर्देश पर फायर सर्विस और जनपदीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। फायर सेफ्टी नियमों में गंभीर खामियां मिलने पर जिले के 22 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी को 15 दिन के लिए सील कर दिया गया है। बेसमेंट वालों पर सबसे पहले एक्शन: मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजीपुर की टीम ने कई दिनों तक जिले भर में जांच की। विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई, जिसके बाद DM के आदेश पर यह कार्रवाई हुई। सबसे ज्यादा कार्रवाई उन संस्थानों पर हुई जो बेसमेंट में चल रहे थे। इसके अलावा जिन कोचिंग सेंटरों तक अग्निशमन वाहन पहुंचने का रास्ता नहीं था और जो अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील पाए गए, उन्हें तुरंत सील किया गया। कहां -कितने संस्थान हुए सील: प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 22 संस्थानों पर ताला लगा है:
1. सदर तहसील: 15 संस्थान,गाजीपुर शहर: 05,जंगीपुर: 06,करंडा: 04, तहसील मुहम्मदाबाद: 02 संस्थान, जमानियां: 01 संस्थान, जखनिया: 02 संस्थान,सैदपुर: 02 संस्थान। आगे भी जारी रहेगा अभियान: जिला प्रशासन ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कोचिंग संस्थान या लाइब्रेरी को बख्शा नहीं जाएगा। छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।इस पूरे अभियान में संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और अग्निशमन अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी कोचिंग संचालकों को चेतावनी दी है कि वे तुरंत फायर NOC, सुरक्षित निकास, अग्निशमन यंत्र समेत सभी मानकों को पूरा करें, वरना स्थायी कार्रवाई होगी।








