किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई – जिलाधिकारी

जखनियां, गाजीपुर, 30 जून 2026 – शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के मौके पर निस्तारण के लिए सोमवार को विकास खंड जखनियां की ग्राम पंचायत अलीपुर मदरा के ग्राम सचिवालय में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की मौजूदगी में चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। लोगों ने विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, पीएम/सीएम आवास योजना, राजस्व कार्य, वृद्धा पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने हर शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कैंप के माध्यम से जनसमस्याओं का प्राथमिकता पर 100 प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी। डीएम ने कहा कि वृद्धा पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, पीएम किसान, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला समेत सभी योजनाओं का अभियान चलाकर हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जाए।कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। डीएम और सीडीओ ने मिलकर 5 कुपोषित बच्चों को पोषण पोटली का वितरण भी किया। साथ ही पीएम आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची को ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।डीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सुगमता से मिले। उन्होंने अधिकारियों को गांव स्तर पर नियमित भ्रमण कर समस्याओं का समाधान करने और विकास कार्यों की निगरानी करने को कहा। ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी लें और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी राजन राय ने किया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








