मुठभेड़ में सौरभ सिंह के पैर में लगी गोली, शातिर असलहा तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर, 30 जून 2026 – थाना गहमर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर अंतर्राज्यीय असलहा तस्कर व लुटेरे को घायल कर गिरफ्तार किया। उसका एक साथी भी मौके से पकड़ा गया। बदमाशों के पास से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की अपाची बाइक, नगद व मोबाइल बरामद हुआ है।प्रभारी निरीक्षक गहमर नंद कुमार तिवारी व चौकी प्रभारी कामाख्या रोहित कुमार द्विवेदी टीम के साथ भटपुरवा मारूफ की बाग-बारा रेवतीपुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। तभी गहमर की तरफ से बिना नंबर की काली अपाची बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।पुलिस ने बार-बार आत्मसमर्पण की हिदायत दी, लेकिन बदमाश नहीं माने। आत्मरक्षा में प्रभारी निरीक्षक ने सरकारी पिस्टल से फायर किया। गोली एक बदमाश के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल की पहचान सौरभ सिंह पुत्र स्व. इंद्रजीत सिंह, निवासी गहमर पट्टी खेलूराय के रूप में हुई। दूसरा बदमाश भागने की कोशिश में पकड़ा गया, जिसने अपना नाम मुकेश कुशवाहा पुत्र मोती कुशवाहा, निवासी गहमर पट्टी सम्भल राय बताया।घायल सौरभ सिंह के पास से 1 देशी तमंचा .315 बोर, 1 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस व 400 रुपये नगद मिले। मौके से बिना नंबर की काली अपाची बाइक भी बरामद हुई। वहीं मुकेश कुशवाहा के पास से 300 रुपये नगद और एक वीवो मोबाइल फोन मिला। कुल 700 रुपये नगद बरामद हुए।गिरफ्तार सौरभ सिंह शातिर अपराधी है। उस पर गाजीपुर के अलावा वाराणसी और बिहार के बक्सर जिले में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट और आईटी एक्ट के मामले शामिल हैं। मुकेश कुशवाहा पर यह पहला केस दर्ज हुआ है।थाना गहमर में मु0अ0सं0 118/2026 धारा 109(1) BNS व 9/25/27 आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।मुठभेड़/गिरफ्तारी टीम – प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी एवं उ0नि0 रोहित कुमार द्विवेदी मय पुलिस टीम, थाना गहमर।








