ग़ाज़ीपुर

8 परिवारों की 17 झोपड़ियां हुईं ख़ाक,SDM बोले मिलेगी आर्थिक मदद

रेवतीपुर, गाजीपुर – थानाक्षेत्र के नारायणपुर गांव में सोमवार की देर रात भीषण आग ने कहर बरपा दिया। यादव बस्ती में लगी आग से आठ परिवारों की 17 रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घर-गृहस्थी का सामान, खाद्यान्न, कपड़े, पशुओं का चारा, कृषि उपकरण, डीजल इंजन, एक बाइक और नगदी सहित लाखों की संपत्ति खाक हो गई। गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता से सभी लोग और मवेशी सुरक्षित निकाल लिए गए। कोई जनहानि नहीं हुई।ग्रामीणों ने बताया कि रात में यादव बस्ती के अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। इसी दौरान हीरा यादव की झोपड़ी से अचानक धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। तेज हवा के कारण आग ने पलभर में आसपास की झोपड़ियों को चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग चीख-पुकार करते हुए अपने परिवारों और मवेशियों को बचाने में जुट गए।सूचना पर ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक काफी नुकसान हो चुका था।अग्निकांड में हीरा यादव की तीन झोपड़ियां, एक बाइक, डीजल मशीन, खाद्यान्न, नगदी और घरेलू सामान जल गया। मोहित, दरोगा, सुरेंद्र और अनिल की दो-दो झोपड़ियां, मनोज की एक, सुरेश की दो और कृष्णा की तीन झोपड़ियां पूरी तरह राख हो गईं। सभी परिवारों का अनाज, कपड़े, बर्तन और पशुओं का चारा भी जल गया।भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया। उपजिलाधिकारी संजय यादव ने बताया कि राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। शासन के नियमों के अनुसार सभी प्रभावित परिवारों को जल्द आर्थिक सहायता दी जाएगी।