अपने को SOG बताकर 6 घंटे बनाया बंधक,50 हजार रंगदारी मांगने का आरोप

कठवामोड (गाजीपुर), 01 जुलाई 2026 – नोनहरा थाना क्षेत्र में अपराधियों के बेखौफ होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि थाने से महज एक किलोमीटर दूर तीन हथियारबंद लोगों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। खुद को SOG और क्राइम ब्रांच का सदस्य बताकर उसे करीब 6 घंटे तक बंधक बनाकर रखा, बेरहमी से मारपीट की, दबाव में मनगढ़ंत वीडियो बनवाया और ₹50 हजार की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी।नोनहरा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी जावेद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह रात करीब 9 बजे गांव के समीप चकरोड के पास गया था। तभी बंदूक और कट्टे से लैस तीन अज्ञात लोग उसे पकड़कर जबरन पास के नाले की ओर ले गए। आरोप है कि हथियारों के बल पर उसके साथ मारपीट की गई।जावेद का आरोप है कि तीनों खुद को SOG और क्राइम ब्रांच का सदस्य बता रहे थे। उन्होंने डर और दबाव बनाकर उससे एक मनगढ़ंत वीडियो भी बनवाया। पीड़ित के मुताबिक, उसे रात करीब 2 बजे छोड़ा गया। इस दौरान आरोपियों ने ₹50 हजार की मांग की और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। जान के भय से दबाव में आकर उसने झूठा बयान भी दिया।चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर यह वारदात होने का आरोप है, वह नोनहरा थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात में पुलिस गश्त भी होती है। ऐसे में थाने के इतने करीब हुई इस घटना ने पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।







