ग़ाज़ीपुर

UP TET परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट,DM-SP ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

गाजीपुर, 1 जुलाई 2026 – जनपद में 2 जुलाई से आयोजित होने वाली “उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026” (UP TET) को शुचितापूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी गाजीपुर एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठक व्यवस्था समेत सभी बुनियादी सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां शत-प्रतिशत पूरी कर ली जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षक, पुलिस बल और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी अधिकारी पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा सख्त रखने तथा अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को पूर्णतः प्रतिबंधित करने को कहा गया।अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले या अनुचित साधनों (नकल) का प्रयोग कराने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई होगी।इस मौके पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे किसी भी बहकावे में न आएं और निष्पक्ष होकर परीक्षा दें।