ग़ाज़ीपुर

11 विभागों की टीमें घर घर दस्तक देंगी,11 से 31 जुलाई तक

गाजीपुर, 01 जुलाई 2026 – जिले में संचारी व मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से अभियान की शुरुआत करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई। यह अभियान 31 जुलाई तक चलाया जाएगा।डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया है। 11 से 31 जुलाई तक ‘दस्तक अभियान’ भी चलाया जाएगा।अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को नोडल बनाया गया है। इसके साथ नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांग जन कल्याण, कृषि एवं सिंचाई विभाग समेत कुल 11 विभागों की टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। शहरी क्षेत्र में नगर पालिका व नगर पंचायत की टीमें और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग की टीमें काम करेंगी।सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान एंटी लार्वा छिड़काव, फोगिंग, स्वच्छता व साफ-सफाई का कार्य कराया जाएगा। लक्षण मिलने पर जांच व उपचार के साथ आवश्यक दवा भी निःशुल्क दी जाएगी। जन प्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।प्रभारी सीएमओ ने अपील की कि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है। इससे बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, मच्छर रोधी क्रीम का इस्तेमाल करें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का बेहद महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। सभी विभागों के समन्वय से डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि रोगों को काबू कर लिया जाएगा।सीएमओ ने जन समुदाय से भी अभियान में सहयोग करने, सतर्क और जागरूक रहने की अपील की। अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर प्रभावशाली व्यक्तियों और जनमानस को जोड़ा जाएगा।