ग़ाज़ीपुर

तालाब में डूबने से युवक की मौत

सेवराई, गाजीपुर – स्थानीय महेसरा तालाब में मंगलवार देर रात 35 वर्षीय पंकज सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह गांव के विजय राजभर ने तालाब में उतरकर शव बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, सेवराई निवासी पंकज सिंह मंगलवार रात अपने एक दोस्त को दिलदारनगर रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहे थे। गांव में बिजली न होने के कारण गर्मी से बचने के लिए वह महेसरा तालाब की दीवार पर जाकर बैठ गए। इसी दौरान गांव के संजय सिंह की नजर तालाब किनारे खड़ी पंकज की बाइक पर पड़ी। उन्होंने पंकज को पानी में डूबते हुए देखा और शोर मचाया, लेकिन तब तक पंकज गहरे पानी में चले गए थे।सूचना पर सेवराई पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिलकर रातभर तालाब में तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह विजय राजभर ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।