CDO की अध्यक्षता में समन्वय बैठक, कुपोषण मुक्त जनपद का लक्ष्य

गाजीपुर, 01 जुलाई 2026 – बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित ‘सम्भव 6.0’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समन्वय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने की। इसमें सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।CDO ने बताया कि ‘सम्भव 6.0’ अभियान जुलाई 2026 से सितम्बर 2026 तक चलाया जाएगा। इस बार की थीम ‘गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा’ रखी गई है। अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान प्रसव पूर्व जांच व प्रसव के बाद देखभाल, कम वजन वाले नवजातों पर ध्यान देकर प्रभावी प्रबंधन करना और 0 से 6 माह के शिशुओं को कुपोषण से बचाना है।बैठक में गर्भवती महिलाओं, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण प्रबंधन, गृह भ्रमण और विभागीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश दिए, ताकि लक्षित बच्चों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।समीक्षा के दौरान भदौरा ब्लॉक से बताया गया कि ग्राम बारा में पिछले 3 माह से आशा/आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा टीकाकरण नहीं किया जा रहा है। इस पर CDO आलोक प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल टीकाकरण सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी राजन राय, समस्त CDPO, मुख्य सेविकाएं/सुपरवाइजर सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। CDO ने सभी अधिकारियों से अभियान की नियमित समीक्षा कर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम करने और विभागीय समन्वय से जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की अपेक्षा की।







