जमीन विवाद में चचेरे भाई ने मारी गोली, 22 वर्षीय युवक सौरभ की मौत

वाराणसी, 03 जुलाई 2026 – सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में गुरुवार रात जमीन और पट्टीदारी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि 22 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ बंटी की उसके चचेरे भाई और उसके साथी ने कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों के मुताबिक, सौरभ का अपने पट्टीदारों से जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि घटना से पहले आरोपी उसे घर के बाहर से बुलाकर ले गए और विवाद के दौरान गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।मृतक के पिता सर्वेश सिंह ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के मामले में बचाने का झांसा देकर आरोपियों ने उनसे ₹4.50 लाख भी ऐंठ लिए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले से उन्हें धमकियां मिल रही थीं। सर्वेश सिंह ने मामले में कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।घटना की सूचना पर एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार, एसीपी पिंडरा, सिंधौरा थाना पुलिस, एसओजी और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुराने जमीन और पट्टीदारी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।नोट- खबर परिजनों के आरोपों और पुलिस के प्रारंभिक बयान पर आधारित है। जांच जारी है।








