ग़ाज़ीपुर

अवैध कब्जा हटाने गयी टीम से अभद्रता, 14 पर केस दर्ज

मरदह (गाजीपुर), 03 जुलाई 2026 – थाना क्षेत्र के गजपतपुर गांव में अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व व पुलिस टीम के साथ अतिक्रमणकारियों द्वारा गाली-गलौज करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस मामले में लेखपाल ने शुक्रवार को 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। डीएम के आदेश पर गई थी टीम:थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि लेखपाल धर्मेंद्र कुमार प्रजापति ने तहरीर देकर जानकारी दी कि जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व व पुलिस टीम सदर तहसीलदार राजीव यादव के नेतृत्व में गजपतपुर गांव गई थी। टीम सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी।लाठी डंडे लेकर किया विरोध: आरोप है कि टीम के साथ भूमि पर अतिक्रमण करने वाले मंगला राजभर, रामप्रवेश राजभर, रामअवध राजभर, भरत राजभर और दस अज्ञात महिलाओं ने कहासुनी की। गाली-गलौज के दौरान आरोपी लाठी-डंडे से लैस थे और उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस कर रही जांच:थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर 4 नामजद और 10 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले आरोपियों को चिन्हित कर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।