ग़ाज़ीपुर

अजय यादव हत्याकांड में आरोपित दो गिरफ्तार

भांवरकोल (गाजीपुर), 02 जुलाई 2026 – अजय यादव हत्याकांड में फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों को भांवरकोल पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने 24 जून को सुनियोजित साजिश के तहत चाकू, लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर 20 वर्षीय अजय यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।थाना भांवरकोल पर दर्ज मु0अ0सं0 140/2026 के अनुसार, 24 जून 2026 को प्रतिवादीगण ने एक राय होकर गोलबंद होकर अजय यादव पुत्र श्रीकान्त यादव पर चाकू, लाठी, डंडे व रॉड से हमला किया था। मारपीट में अजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने धारा 190, 191(2), 191(3), 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर आज 02 जुलाई 2026 को वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन चौधरी पुत्र रमाशंकर चौधरी उर्फ डमरु चौधरी और सुशील चौधरी पुत्र रमाशंकर चौधरी उर्फ डमरु, निवासीगण ग्राम वीरपुर थाना भांवरकोल, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा मय हमराह, हेड कांस्टेबल आशुतोष पाण्डेय और हेड कांस्टेबल सुभाष यादव की टीम ने अंजाम दिया।