ग़ाज़ीपुर

16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा “भूजल सप्ताह”

गाजीपुर, 10 जुलाई 2026 जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति की बैठक आज मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल संसाधनों के सतत एवं प्रभावी प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद में भूजल सप्ताह का आयोजन 16 जुलाई से 22 जुलाई, 2026 तक व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा।सीडीओ आलोक प्रसाद ने कहा कि भूजल का स्तर लगातार गिरना चिंता का विषय है। इसे संरक्षित करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आमजन की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए भूजल सप्ताह के दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।सीडीओ ने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में जल संरक्षण विषयक गोष्ठियों, रैलियों, शपथ ग्रहण कार्यक्रमों एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाए।बैठक में वर्षा जल संचयन संरचनाओं की स्थिति, सार्वजनिक भवनों पर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना तथा जल संरक्षण से संबंधित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं पंचायत भवनों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पूर्व में स्थापित संरचनाओं का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव कराया जाए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण, तालाबों के पुनर्जीवन, अमृत सरोवरों के रखरखाव, पौधारोपण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया।साथ ही कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों को किसानों के बीच सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों तथा जल बचत तकनीकों के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।बताया गया कि भूजल सप्ताह के दौरान जनपदभर में विभिन्न विभागों के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से जल संरक्षण का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाया जाएगा।बैठक के उपरान्त भूगर्भ जल सप्ताह के अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शपथ दिलाई गयी।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राजन राय के साथ अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।