ग़ाज़ीपुर

बाल्टी के पानी में डूबा मासूम, परिजनों में कोहराम

मुहम्मदाबाद/गाजीपुर, 11 जुलाई 2026 – नगर क्षेत्र के यूसुफपुर गंज मोहल्ले में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक हादसे में पानी से भरी बाल्टी में डूबने से 15 माह के मासूम की मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, यूसुफपुर गंज निवासी पवन जायसवाल का 15 माह का पुत्र विवान शुक्रवार रात घर में खेल रहा था। उस समय घर के बड़े बच्चे पढ़ाई में व्यस्त थे और महिलाएं रसोई के काम में लगी थीं।इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम बाथरूम तक पहुंच गया, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह बाल्टी में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका।कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर विवान पर नहीं पड़ी तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद वह बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में अचेत अवस्था में मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए।आन-फानन में पड़ोसियों की मदद से उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। विवान दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मां हेमलता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मुंबई में निजी नौकरी कर रहे पिता पवन जायसवाल घटना की सूचना मिलते ही तत्काल घर के लिए रवाना हो गए।इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे यूसुफपुर गंज मोहल्ले में शोक का माहौल है।यह घटना छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है। विशेषज्ञों का कहना है कि घर में पानी से भरे बर्तन, बाल्टी या टब जैसी चीजों को बच्चों की पहुंच से दूर रखें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।