नौकरी के नाम पर ठगी,30 को बंधक बनाया, 7 गिरफ्तार

जौनपुर, 14 जुलाई 2026 – जौनपुर पुलिस ने फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) और पिरामिड चेन नेटवर्क के जरिए बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना लाइन बाजार पुलिस ने मुख्य सरगना सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैसे करते थे ठगी:पुलिस के अनुसार आरोपी MS EARTH इंटरप्राइजेज और Royal Health Wellness Private Limited के नाम से फर्जी कंपनी चलाते थे। ये लोग बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को ₹25,000 प्रतिमाह नौकरी का झांसा देकर वाराणसी बुलाते थे।इंटरव्यू के बाद ज्वाइनिंग और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर युवाओं से ₹30,000 से ₹35,000 तक वसूले जाते थे। इसके बदले उन्हें सिर्फ ₹1,000 से ₹2,000 की सामान्य किट – कपड़े, तेल, साबुन आदि दी जाती थी।प्रशिक्षण के दौरान हर सदस्य पर 3 नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाया जाता था। मना करने पर वेतन रोकने और जमा राशि न लौटाने की धमकी दी जाती थी। पुलिस की कार्यवाही:छापेमारी के दौरान पुलिस ने कंपनी कार्यालय से करीब 30 प्रशिक्षु युवक-युवतियों को सकुशल मुक्त कराया।मुख्य आरोपी राहुल राजभर के यूनियन बैंक खाते में जांच के दौरान लगभग ₹34 करोड़ के लेन-देन सामने आए हैं। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जांच जारी है।पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी कंपनी में नौकरी के नाम पर मोटी फीस मांगने पर सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।








