सम्पूर्ण समाधान दिवस, मिली 576 शिकायतें मौके पर समाधान 58 का

गाजीपुर, 06 जून 2026 (सू0वि0) – जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शुक्रवार को जिले की सभी सात तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संबंधित उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 576 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 58 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, तहसील जमानियां में सबसे अधिक 126 शिकायतें आईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण हुआ। तहसील जखनियां में 118 शिकायतें मिलीं और 8 का निपटारा किया गया।मुहम्मदाबाद तहसील में 105 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जहां सबसे ज्यादा 16 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। तहसील सैदपुर में 70 में से 4, सेवराई में 69 में से 6, सदर तहसील में 49 में से 12 और कासिमाबाद में 39 में से 6 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।समस्त उपजिलाधिकारियों ने समाधान दिवस में आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना। कुछ मामलों का निस्तारण तत्काल मौके पर कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को अग्रसारित कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर अधिकारियों को विशेष तौर पर निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद अक्सर एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। इसलिए राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर ऐसे विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। इससे जनता को बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।समाधान दिवस के दौरान सभी तहसीलों में तहसीलदार, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शेष बची शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण कराया जाएगा।







