ग़ाज़ीपुर

ताड़ी उतारते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आया युवक, हुईं मौत

गाजीपुर, 06 जून 2026 – कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरगंज स्थित ग्राम सभा बांका के लमुही मौजे में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक 22 वर्षीय सूरज साहनी अपने दैनिक कार्य के तहत ताड़ के पेड़ पर ताड़ी उतारने गया था, तभी हादसे का शिकार हो गया। मौसम बदलते ही हुआ हादसा:मृतक सूरज साहनी पुत्र राज बहादुर रोज की तरह शनिवार को भी ताड़ी उतारने के लिए ताड़ के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ताड़ के पेड़ के पास अचानक आकाशीय बिजली गिरी और सूरज उसकी चपेट में आ गया। झुलसकर नीचे गिरा , अस्पताल में तोडा दम: बिजली की चपेट में आने से सूरज गंभीर रूप से झुलस गया और पेड़ से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा:युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि सूरज बेहद मेहनती और मिलनसार था। वह परिवार के भरण-पोषण में अहम भूमिका निभाता था। सूचना पर पुलिस चौकी इंचार्ज पुष्पेश चंद दुबे तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। देर शाम गमगीन माहौल में सूरज का अंतिम संस्कार कर दिया गया।