50 हजार की रिश्वत लेते ‘GST’ के डिप्टी कमिश्नर गिरफ्तार

वाराणसी। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन संगठन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए GST विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को ₹50,000 की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई बुधवार शाम भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में की गई। क्या है मामला:शिकायतकर्ता अजय कुमार मौर्य, निदेशक – ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने आरोप लगाया कि उनकी GST फाइल के निस्तारण और टैक्स संबंधी प्रक्रिया को मंजूरी देने के बदले डिप्टी कमिश्नर द्वारा ₹50,000 की रिश्वत मांगी गई थी।शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन किया। आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई। तय स्थान पर शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत की राशि देते समय टीम ने अंबिका सिंह को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तारी के दौरान अधिकारी ने मौके से निकलने की कोशिश की और महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर विजिलेंस थाने पहुंचाया। मुकदमा दर्ज, अन्य मामलों की भी होगी जांच:गिरफ्तारी के बाद अंबिका सिंह के खिलाफ वाराणसी विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियों ने संकेत दिए हैं कि अधिकारी द्वारा पहले निस्तारित अन्य मामलों की भी जांच की जा सकती है। विजिलेंस की अपील:विजिलेंस विभाग ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगे तो इसकी सूचना हेल्पलाइन 9454401866 या 9454401222 पर दें।








