ग़ाज़ीपुर

फर्जी पते पर शस्त्र लाइसेंस बनवाने वाले, तत्कालीन थाना प्रभारी व लेखपाल पर FIR दर्ज

गाजीपुर,दिनांक: 24.07.2026: पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र के आदेश पर आईएस-191 (मुख्तार अंसारी गिरोह) के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद गाजीपुर पुलिस ने शस्त्र लाइसेंसों में हुई अनियमितताओं को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। फर्जी पते पर बनवाया था शस्त्र लाइसेंस: जांच में पता चला कि मुहम्मद शाहिद पुत्र कुर्बान अली निवासी वार्ड नं0 4, अब्दुल हमीद नगर, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के नाम जिला मजिस्ट्रेट गाजीपुर के आदेश दिनांक 28.04.2001 से SBBL गन लाइसेंस संख्या 1383/पी2 निर्गत है। इस लाइसेंस पर लाइसेंसी द्वारा शस्त्र का कई बार क्रय-विक्रय किया गया।भौतिक सत्यापन के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि मो0 शाहिद मूल रूप से सैदपुर का निवासी है। लेकिन उसने वर्ष 1999 से 2015 तक पुरानी कचहरी, मंगल बाजार, यूसुफपुर, थाना मुहम्मदाबाद में किराये के मकान में रहते हुए अपना मूल पता छिपाकर मुहम्मदाबाद के पते पर शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन किया।आवेदन पत्र में स्थायी व वर्तमान पते के कॉलम में मुहम्मदाबाद का पता दर्शाया गया। इस झूठे पते की तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद और क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा तस्दीक कर लाइसेंस दिए जाने की संस्तुति की गई थी। तत्कालीन थाना प्रभारी, लेखपाल व मो० शाहिद के विरूद्ध FIR दर्ज: पुलिस के अनुसार शस्त्र लाइसेंसी, आख्या प्रेषित करने वाले तत्कालीन थाना प्रभारी मुहम्मदाबाद और क्षेत्रीय लेखपाल का यह कृत्य संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है।इसी क्रम में आज दिनांक 24.07.2026 को थाना मुहम्मदाबाद पर मु0अ0सं0 230/2026 धारा 417, 420, 120बी भादवि एवं आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में लाइसेंस धारक मो0 शाहिद, तत्कालीन थाना प्रभारी मुहम्मदाबाद व क्षेत्रीय लेखपाल के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 51 शस्त्र लाइसेंसों की जांच जारी:उल्लेखनीय है कि आईएस-191 गैंग के सदस्यों/सहयोगियों को निर्गत कुल 51 शस्त्र लाइसेंसों पर क्रय-विक्रय किए गए शस्त्रों का अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शेष शस्त्रों एवं शस्त्र लाइसेंसों की जांच/सत्यापन की कार्रवाई प्रचलित है। जांच में और अनियमितताएं मिलने पर अन्य प्रकरणों में भी अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जाएगी।