ग़ाज़ीपुर

मासूम भाई-बहन की गांगी नदी में डूबने से मौत

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के माहेपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। स्कूल जाने की तैयारी कर रहे मासूम भाई-बहन कुछ ही पलों में हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गए।भाई को बचाने गांगी नदी में कूदी बहन:गांव के पास बहने वाली गांगी नदी शुक्रवार सुबह मौत का मंजर बन गई। तीन वर्षीय कृष्णा और उसकी पांच वर्षीय बहन प्रिया घर से प्राथमिक विद्यालय जाने के लिए तैयार हुए थे। इसी दौरान वे अपने बाबा रामअवध बिन्द को खोजते-खोजते नदी किनारे पहुंच गए।ग्रामीणों के अनुसार नदी किनारे खेलते समय कृष्णा का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। अपने छोटे भाई को मौत से जूझता देख पांच वर्षीय प्रिया ने बिना एक पल गंवाए नदी में छलांग लगा दी। लेकिन भाई को बचाने की उसकी मासूम कोशिश दोनों की जिंदगी पर भारी पड़ गई और देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। ग्रामीणों ने निकाला, अस्पताल में तोड़ा दम:नदी के दूसरी ओर बैठे एक व्यक्ति ने पूरी घटना देखी और शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। त्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घर में पसरा मातम:मृतक बच्चों के पिता संतोष बिन्द मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के बाद मां हेमंती, पिता संतोष और बाबा रामअवध बिन्द का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर से सुबह बच्चों के स्कूल जाने की तैयारी हो रही थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पूरे माहेपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शुरू किया कार्यवाही:घटना की सूचना मिलते ही करंडा थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।एक भाई की जान बचाने के लिए जान देने वाली पांच साल की बहन की बहादुरी ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।