धर्म परिवर्तन कराने के मामले में 25 हजार का इनामी मोहम्मद कैफ गिरफ्तार

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की कोतवाली थाना पुलिस ने विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन से जुड़े एक मामले में ₹25,000 के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिट्टू अंसारी उर्फ मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी मिर्जापुर जिले के पड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कठनई से की गई। क्या है मामला:पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी था और उस पर ₹25,000 का इनाम भी घोषित किया गया था। कैसे हुई गिरफ्तारी:मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी को उसके मामा के घर से दबोचा।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मामले में उसके माता-पिता और बड़े भाई की गिरफ्तारी के बाद वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए मुंबई में रह रहा था। बाद में वह अपने मामा से मिलने और कुछ रुपये लेकर दूसरी जगह जाने की योजना से मिर्जापुर आया था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








