ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत,काशी उपचार के लिए जा रहा था

जखनियां/गाजीपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। क्या हुआ था:शादियाबाद के बड़नपुर गांव निवासी मोहन चौहान काफी समय से बीमार चल रहे थे। वह एक दिन पहले भी वाराणसी इलाज कराने गए थे। तबीयत में सुधार न होने पर गुरुवार को अपने बड़े भाई दिनेश चौहान के साथ कृषक मेल ट्रेन से वाराणसी जाने के लिए जखनियां रेलवे स्टेशन पहुंचे।इस बीच बड़े भाई दिनेश प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर टिकट लेने गए थे। इसी दौरान कृषक मेल प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची। मोहन ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गए।हादसे में गर्दन के पास गंभीर चोट लगने से मोहन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा:घटना की सूचना ट्रेन चालक ने स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने भुड़कुड़ा पुलिस और जीआरपी मऊ को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों में मचा कोहराम:घटना की जानकारी मिलते ही पिता रामाशीष चौहान सहित परिवार के अन्य सदस्य स्टेशन पहुंच गए। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।मोहन दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। उनके पिता जखनियां रेलवे स्टेशन के दक्षिणी केबिन के पास हार्डवेयर एवं गिट्टी-बालू की दुकान चलाते हैं, जहां मोहन भी उनका हाथ बंटाते थे।युवक के निधन की खबर से बाजार के व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।








