एम.डी.एम. के संचालन को लेकर परिषदीय विद्यालयों में उहापोह,BSA को ज्ञापन

गाजीपुर। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद गाजीपुर ने मध्याह्न भोजन योजना के संचालन को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है।संघ के जिला अध्यक्ष राधेश्याम सिंह यादव एवं जिला महामंत्री अजय कुमार ने बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाजीपुर को एक पत्रक सौंपा। इसमें शासन द्वारा नियुक्त ग्राम पंचायत प्रशासकों के संबंध में एम.डी.एम. योजना के संचालन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किए जाने की मांग की गई। क्या है मामला:पत्रक में अवगत कराया गया कि शासन द्वारा ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जाने के उपरांत विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के समक्ष संशय उत्पन्न हो गया है।प्रधानाध्यापकों को यह समझ नहीं आ रहा कि एम.डी.एम. योजना के संचालन हेतु शासन द्वारा नियुक्त ग्राम पंचायत प्रशासक के पक्ष में चेक निर्गत किया जाना प्रचलित शासनादेशों एवं वित्तीय नियमों के अनुरूप है अथवा नहीं।संघ की मांग:शिक्षक संघ ने मांग की है कि इस संबंध में तत्काल स्पष्ट विभागीय निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही यदि कोई शासनादेश अथवा विभागीय आदेश प्रभावी हो तो उनका संदर्भ भी उपलब्ध कराया जाए।संघ का कहना है कि ऐसा करने से जुलाई 2026 से मध्याह्न भोजन योजना का संचालन एवं भुगतान संबंधी कार्य बिना किसी व्यवधान के नियमानुसार संपन्न हो सकेगा।प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए से अनुरोध किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आदेश जारी कर प्रधानाध्यापकों की भ्रम की स्थिति दूर की जाए।








