ब्लाइंड मर्डर का मामला पुलिस ने ऐसे सुलझाया, दो गिरफ्तार

भदोही। भदोही पुलिस ने सुरियावां थाना क्षेत्र में हुए एक चर्चित ब्लाइंड मर्डर का सफल खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पुराने विवाद के शक में एक व्यक्ति की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया था। क्या था पूरा मामला:पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 को धीरज शुक्ला उर्फ बब्बू घर से दानूपुर बाजार जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन दत्तूपुर पूर्व पट्टी स्थित डोलहरिया तालाब में उनका शव बरामद हुआ।परिजनों की तहरीर के आधार पर सुरियावां थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने ऐसे सुलझाया गुत्थी:स्वाट टीम और सुरियावां पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए सभाजीत बिन्द (20 वर्ष) और सुरेन्द्र बिन्द (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में हुआ खुलासा: पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तालाब में मछली पालन करते हैं। उन्हें संदेह था कि कुछ महीने पहले तालाब में जहर डालकर मछलियों को नुकसान पहुंचाने वालों में मृतक भी शामिल था।घटना वाले दिन तालाब किनारे बैठे लोगों से विवाद हुआ। इस दौरान लकड़ी की बल्ली से हमला किया गया। घायल होने के बाद मृतक की मौत हो गई तो दोनों आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से शव तालाब में फेंक दिया। बरामदगी और कार्यवाही:पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बल्ली का टुकड़ा और मृतक की टी-शर्ट बरामद की है।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








