पूर्वांचल

घर में घुसा तेज रफ्तार ट्रक,तीन की मौत..दो की हालत गंभीर

मिर्जापुर। जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया। हादसे में घर के अंदर सो रहे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कैसे हुआ:प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहे ट्रक का टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुदारन गांव के पास सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसे में तीन की मौत, दो घायल:इस हादसे में राजा (50 वर्ष), चंद्रतरा देवी (50 वर्ष) और सुखिया देवी (65 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं सुहानी (12 वर्ष) और सुनील शर्मा (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने संभाला मोर्चा:घटना की सूचना पर अहरौरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन के जरिए ट्रक को हटाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद एडिशनल एसपी और मड़िहान सीओ भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।