प्रयागराज में गाजीपुर के युवक की दुर्घटना में मौत

गाजीपुर। प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार भोर करीब 2 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में भांवरकोल क्षेत्र के रेवसड़ा गांव निवासी एक पिकअप चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।मृतक की पहचान रवींद्र यादव उम्र 31 वर्ष, पुत्र स्व. सरजू यादव, निवासी रेवसड़ा गांव, थाना भांवरकोल, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार रवींद्र यादव अपनी पिकअप गाड़ी स्वयं चलाकर मध्य प्रदेश के सागर मंडी से खीरा लादकर प्रयागराज की ओर आ रहे थे। डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा:घूरपुर थाना क्षेत्र के पास आगे चल रहे डंपर चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दिया। इसके कारण पीछे से आ रही रवींद्र की पिकअप अनियंत्रित होकर डंपर से जा टकराई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप चालक रवींद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना पर घूरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना की सूचना मिलने पर मृतक के चचेरे भाई संदीप यादव रविवार को प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव के साथ वे घर रेवसड़ा के लिए रवाना हो रहे हैं।रेवसड़ा गांव में खबर पहुंचते ही मृतक की पत्नी बेबी यादव और दो छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।








