ग़ाज़ीपुर

बीईओ को लेकर शिक्षकों में आक्रोश,28 जुलाई से धरने की चेतावनी

गाजीपुर। भांवरकोल शिक्षा क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह उर्फ पटेल के खिलाफ शिक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा है। शिक्षकों ने बीईओ पर अभद्र व्यवहार, उत्पीड़न और धन उगाही जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एसडीएम मुहम्मदाबाद ध्रुव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा।शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो 28 जुलाई से भांवरकोल बीआरसी परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। क्या है शिक्षकों का आरोप:शिक्षकों का कहना है कि बीईओ द्वारा उनके साथ लगातार अमर्यादित व्यवहार किया जाता है।मुख्य आरोप:1-आकस्मिक अवकाश CL को निरस्त कर शिक्षकों को अनुपस्थित दर्शाया जाता है, जिससे वेतन और मानदेय प्रभावित होता है। 2- मेडिकल अवकाश की संस्तुति के नाम पर धन की मांग किए जाने का आरोप। 3- कई विद्यालय नियमित संचालित होने के बावजूद उन्हें बंद दिखाकर शिक्षकों का वेतन रोकने का प्रयास।शिक्षकों ने बताया कि इस मामले को लेकर लगभग 200 शिक्षकों के हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र पहले ही जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई। 28 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी:शिक्षक संगठनों ने कहा कि प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए विकास खंड भांवरकोल के सभी शिक्षक संगठन 28 जुलाई को बीआरसी परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। एसडीएम और बीईओ का पक्ष: एसडीएम ध्रुव शुक्ला ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेकर संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।वहीं बीईओ रविंद्र सिंह ने सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि कुछ शिक्षक विद्यालयों में हो रहे निरीक्षण और कार्रवाई से बचने के लिए दबाव बनाने हेतु इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में शामिल रहे:राजेश सिंह यादव, प्रहलाद सिंह यादव, संजय कुमार राय, अशोक कुमार राय, राकेश राय, अंबिका राम, सुशील राय, उमेश राय, संजीव पांडेय, अरुण कुमार राय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।