ग़ाज़ीपुर

लखटकिया इनामी शंकर पाण्डेय के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा

गाजीपुर। बहुचर्चित सचिन चौरसिया अपहरणकांड के मामले में एक लाख रुपये के इनामी अपराधी शंकर पांडेय के घर पर बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस ने धारा-82 सीआरपीसी के तहत कुर्की की नोटिस चस्पा की। गोराबाजार पुलिस चौकी इंचार्ज ने कराई मुनादी:गोराबाजार पुलिस चौकी इंचार्ज शिवाकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ गौसाबाद-फुल्लनपुर स्थित शंकर पांडेय के आवास पर पहुंचे। यहां पुलिस ने मुनादी कराकर पूरे मुहल्ले के लोगों को कार्रवाई के बारे में अवगत कराया। इसके बाद आरोपी के घर के दरवाजे पर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई। क्या है पूरा मामला:बताया जाता है कि मोस्ट वांटेड अपराधी शंकर पांडेय और उसके साथियों ने मिश्रबाजार इलाके से कपड़ा व्यवसायी सचिन चौरसिया का अपहरण किया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर संबंधित पत्रावलियों को कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया था।सुनवाई की कई तिथियों में कोर्ट में उपस्थित न होने पर शंकर पांडेय के खिलाफ एनबीडब्ल्यू Non-Bailable Warrant जारी हुआ। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर कुर्की की नोटिस जारी की गई थी। एक लाख का इनाम है घोषित:गौरतलब है कि शंकर पांडेय होटल व्यवसायी आलोक उर्फ डबलू राय के बड़े बेटे विनीत उर्फ हनी राय हत्याकांड में भी फरार चल रहा है। इसी मामले में पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। क्या कहा कोतवाल ने:इस संबंध में शहर कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि अभी कुर्की की नोटिस चस्पा की गई है। यदि आरोपी समय रहते कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ या पकड़ा नहीं गया, तो उसके खिलाफ सम्पूर्ण कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही है।