33 हजार वोल्टेज तार के चपेट में आये 4 बच्चे, 1 की हालत गंभीर

सैदपुर, गाजीपुर। नगर क्षेत्र के शेखपुर मोहल्ले में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे लुका-छिपी का खेल रहे चार मासूम बच्चे 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।छत पर खेलते समय हुआ हादसा:जानकारी के अनुसार, शेखपुर निवासी अनुज विश्वकर्मा, अनुष्का विश्वकर्मा पुत्र मंटू विश्वकर्मा, अपर्णा सागर पुत्र परमानंद सागर और आयशा कुशवाहा पुत्र दिनेश कुशवाहा के परिवार के बच्चे शाम को मकान की छत पर लुका-छिपी खेल रहे थे।इसी दौरान एक बच्चा छिपने के लिए छत के किनारे पहुंच गया, जहां मकान के बेहद नजदीक से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया।बच्चे को करंट की चपेट में देखकर उसे बचाने के लिए दौड़े अन्य तीन बच्चे भी करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों बच्चे झुलस गए। 3 का इलाज जारी, 1 वाराणसी रेफर:घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।चिकित्सकों ने तीन बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताते हुए उनका इलाज सैदपुर के एक निजी अस्पताल में शुरू कर दिया है। वहीं एक बच्चे की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है।हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम जैसा माहौल है। लोगों ने हाईटेंशन लाइन शिफ्ट करने की मांग किया:स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकानों के बेहद करीब से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन लंबे समय से खतरे का कारण बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि ऐसी लाइनों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए या आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








