43 हजार बालिकाओं का होगा टीकाकरण,DM ने किया जनता से सहयोग की अपील

गाजीपुर, 27 जुलाई, 2026 : जनपद में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की।जिलाधिकारी ने कहा कि एचपीवी टीका एक सुरक्षित एवं प्रभावी वैक्सीन है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद गाजीपुर में लगभग 43000 बालिकाएं चिन्हित की गई हैं, जिनका टीकाकरण किया जाना है। इसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी से बचाव है। यह वैक्सीन विश्व के लगभग 75 प्रतिशत देशों के राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल है।उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश में पहले से चल रहा है, परंतु गाजीपुर में प्रगति अच्छी नहीं है। 43000 बालिकाओं के सापेक्ष अभी तक केवल 3500 से 4000 बालिकाओं का ही टीकाकरण हो पाया है।यह टीका केवल 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को ही लगाया जाएगा और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। एक सप्ताह में पूर्ण करने का निर्देश:जिलाधिकारी ने सर्वाइकल कैंसर को महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक बताते हुए कहा कि समय पर टीकाकरण से इससे प्रभावी बचाव संभव है। शासन के निर्देशानुसार 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण चरणबद्ध ढंग से किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा टीकाकरण केंद्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।इस संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त एबीएसए, एमओआईसी व स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एबीएसए और एमओआईसी को विकास खण्ड स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर एक सप्ताह में टीकाकरण पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए बालिकाओं का चिन्हांकन कर लक्ष्य की पूर्ति करेंगे। अफवाहों पर न दें ध्यान:जिलाधिकारी ने कहा कि समाज में वैक्सीन को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें। एचपीवी वैक्सीन वैज्ञानिक परीक्षणों के उपरांत स्वीकृत एवं सुरक्षित है। अभिभावक अपनी पुत्रियों का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं। जनता से अपील:जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं का अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण अवश्य करवाएं। इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता कर अपनी पुत्रियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में सहयोग दें।उन्होंने मीडिया से भी सकारात्मक एवं तथ्यपरक जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इस अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें।








