ग़ाज़ीपुर

लोक कल्याण मेले में शहरी रेहड़ी,ठेला, पटरी दुकानदारों को बिना गारंटी मिल रहा ऋण

गाजीपुर, 12 जून 2026 – प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आयोजित लोक कल्याण मेला पथ विक्रेताओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा माध्यम बन रहा है। नगर पालिका गाजीपुर कार्यालय में 1 जून से 30 जून तक चल रहे विशेष अभियान में विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा पात्र लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा रहा है।मेले के दौरान बैंक अधिकारी पात्र पथ विक्रेताओं के आवेदन स्वीकृत कर उनके खाते में सीधे ऋण भुगतान कर रहे हैं। साथ ही नए आवेदनों का पंजीकरण भी नगर पालिका कार्यालय से किया जा रहा है।इस योजना का लाभ रेहड़ी, पटरी, ठेला एवं फुटपाथ पर छोटे व्यवसाय करने वाले विक्रेता उठा रहे हैं। ऋण मिलने से इन पथ विक्रेताओं को अपने व्यवसाय के विस्तार, कार्यशील पूंजी की व्यवस्था और आय में वृद्धि का अवसर मिलेगा।प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी बढ़ाने के लिए ऋण उपलब्ध कराना है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। अलग-अलग बैंक इस योजना में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल एवं अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार राय ने सभी नगर के पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे नगर पालिका कचहरी कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सभी शहरी पथ विक्रेता इस योजना से कार्यशील पूंजी की व्यवस्था कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं और आत्मनिर्भर बन सकते हैं। लोक कल्याण मेले में पहुंचकर सभी पथ विक्रेता योजना की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।