देश / प्रदेश

भाजपा राज में महंगाई -भ्रष्टाचार बढ़ा, किसान दुखी

कासगंज, 12 जून 2026 – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोरों गेट, कासगंज में उर्मिला गार्डेन का उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार और किसानों की उपेक्षा को लेकर जमकर हमला बोला।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा कासगंज के विकास के लिए काम किया है। समाजवादी सरकार में एटा में सबसे बड़ा बिजली कारखाना लगा और सड़कें बनीं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी कहते हैं 2017 से पहले इस क्षेत्र की पहचान नहीं थी, जबकि खुद मुख्यमंत्री जी की 2017 से पहले कोई पहचान नहीं थी।”सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी सरकार ने मरीजों के लिए 108 एंबुलेंस सेवा और महिलाओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा शुरू की थी, जिसे भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। आज अस्पताल जाने पर न इलाज मिल रहा है, न डॉक्टर और न ही दवाएं।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में मिलावटी पेट्रोल मिल रहा है। विशेषज्ञ एथेनॉल मिले पेट्रोल के पक्ष में नहीं हैं। भाजपा 12 साल से सरकार में है, फिर भी महंगाई के लिए वैश्विक कारण बताती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विदेश नीति फेल है और अर्थव्यवस्था डांवाडोल है।अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकारों ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। न आय दोगुनी हुई, न एमएसपी मिली और न ही मंडियां बनीं। पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खराब हुआ। नीट से लाखों युवा प्रभावित हुए, कुछ ने जान तक दे दी। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में प्राइमरी स्कूल बंद हो रहे हैं और शराब की दुकानें खुल रही हैं।सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने एसआईआर के नाम पर वोट लूटने की तैयारी की थी, लेकिन अब सपा पूरी तैयारी के साथ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने पीडीए के अधिकार छीने और आरक्षण की लूट की है। उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है और 2027 में समाजवादी सरकार बनने जा रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि उर्मिला गार्डेन के उद्घाटन से दो फायदे हुए हैं। पहला, अगले सम्मेलन के लिए गेस्ट हाउस फ्री मिल जाएगा। दूसरा, यहां युवा सम्मेलन करूंगा जिससे नए कार्यकर्ताओं से मुलाकात होगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर फर्जी एनकाउंटर के पीड़ितों को न्याय मिलेगा।कार्यक्रम में पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी, पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री मानपाल सिंह, विधायक नादिरा सुल्तान, पूर्व विधायक जीनत खान, वीरेंद्र सिंह सोलंकी, जिलाध्यक्ष विक्रय यादव सहित कई नेता मौजूद रहे।