महिला के गले से सोने का चेन ले भागे लूटेरे

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र की चंद्रशेखर नगर कॉलोनी, रौजा में सोमवार सुबह एक रिटायर्ड शिक्षिका से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। फ़ूल तोड़ते समय हुई घटना:पीड़िता के भतीजे राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि उनकी चाची माया सिंह (85 वर्ष), रिटायर्ड शिक्षिका हैं। सोमवार सुबह करीब 5:15 बजे वे घर के बाहर गली में फूल तोड़ रही थीं।इसी दौरान एक युवक पैदल वहां पहुंचा। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल गली में आई। बाइक देखते ही पैदल चल रहा युवक दौड़कर माया सिंह के पास पहुंचा और उनके गले से सोने की चेन छीनने लगा।विरोध करने पर भी बदमाश नहीं रुका। करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन लूटकर वह बाइक पर सवार साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले:घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।शहर कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया, “चेन स्नैचिंग की सूचना मिली है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।” कालोनी में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल:सुबह-सैर और पूजा-पाठ के समय हुई इस घटना से चंद्रशेखर नगर कॉलोनी के लोगों में दहशत है। बुजुर्गों का कहना है कि सुबह के समय टहलना अब सुरक्षित नहीं रहा।स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी भी है कि बदमाश इतनी आसानी से वारदात कर फरार हो गए।पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








