हत्याकांड का खुलासा, गाजीपुर का रहने वाला है हत्यारोपी

वाराणसी, 14 जून 2026 – लंका थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट वाराणसी की लंका पुलिस ने महज 5 दिन में हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को अज्ञात हमलावर ने लंका थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर लंका थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में टीम ने लगातार जांच, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से रविवार को आरोपी को दबोच लिया। गाजीपुर का रहने वाला है आरोपी:गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपी चंद चौरसिया (26 वर्ष) निवासी दिलदारनगर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है।आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस हत्या, धारा 238(1) बीएनएस तथा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।








