ट्रेलर ने टेंपों -बाइक को रौंदा,8 घायल,7 की हालत गंभीर

सेवराई (गाजीपुर), 14 जून 2026 – नेशनल हाईवे-124सी पर सोमवार को करहिया गांव के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने टेंपो और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। इनमें सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार सभी घायल एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान करहिया गांव के पास तेज गति से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने चल रहे टेंपो तथा मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना में टेंपो चालक बकैनिया गांव निवासी मनोज (45) पुत्र राजेंद्र के अलावा बिहार के बढ़ा नुआव निवासी खुशी (18), रितेश (16), बृजेश (17), अभिषेक (20), अलीशा (13), आशा (40) पत्नी झननन तथा झननन (50) पुत्र राम सनेही राम घायल हो गए।सूचना मिलते ही गहमर पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सात घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण संचालन के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रेलर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








