ग़ाज़ीपुर

दिशा की बैठक सांसद अफजाल अंसारी की अध्यक्षता में सम्पन्न

गाजीपुर, 22 जून 2026 – जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अफजाल अंसारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक ओम प्रकाश सिंह, सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी, जयकिशुन शाहू, बेदीराम, डा0 विरेन्द्र यादव, अंकित भारती, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लाक प्रमुख, नामित सदस्य व प्रधानगण मौजूद रहे। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पीपीटी के माध्यम से एजेंडा प्रस्तुत किया।सांसद अंसारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रायपुर-जाही रोड, कुसुम्ही कला-मदनहीं भटौली चोचकपुर रोड, गौसपुर-हरिहरपुर सरायगोकुल रोड और रेवतीपुर-तिलवा रोड के कार्य में बाधा दूर कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में खाद की स्थिति की जानकारी ली और किसानों को रकबा के अनुसार खाद उपलब्ध कराने को कहा।सांसद ने कहा कि बरसात में जिले की 11 नदियों में गंगा का 65 किमी प्रवाह है और करीब 30 गांव बाढ़ से प्रभावित होते हैं। उन्होंने सभी प्रभावित और गंगा किनारे के गांवों में पशुओं का टीकाकरण व उपचार की तैयारी पहले से करने तथा मोबाइल वैन तैनात करने के निर्देश दिए।सांसद ने पात्र व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनाने को कहा। वन स्टॉप सेंटर में घरेलू हिंसा, बलात्कार, दहेज उत्पीड़न आदि मामलों में महिलाओं को दी गई सहायता की रिपोर्ट सभी सदस्यों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।सदन ने जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना फेज-2 एवं 5) की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। सांसद ने कहा कि 30 जीवित व्यक्तियों को मृतक घोषित कर पेंशन बंद कर दी गई है। डीएम ने ऐसे मामलों में सचिवों की विभागीय जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।सांसद और सदस्यों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई। मांग की गई कि जांच के नाम पर उपभोक्ता को परेशान न किया जाए और जले ट्रांसफार्मर समय पर बदले जाएं। सैदपुर में विद्युत विभाग की लापरवाही से उपभोक्ता की आत्महत्या के मामले में डीएम अनुपम शुक्ला के निर्देश को सांसद ने ऐतिहासिक फैसला बताया, जिस पर पूरा सदन तालियों से गूंज उठा।सांसद ने अधिकारियों को केंद्र/राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी, रोजगारपरक व गरीबी उन्मूलन योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की कमी, स्कूलों की मरम्मत, नहरों में टेल तक पानी, पेयजल योजना के बाद सड़कों की मरम्मत जैसे मुद्दे उठाए।बैठक में मनरेगा, एनआरएलएम, पीएम आवास, पीएमजीएसवाई, आयुष्मान भारत, स्मार्ट सिटी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, किसान योजनाएं, मत्स्य, श्रम, पर्यटन समेत दर्जनों योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कर उन्हें अलग से सूचना देने के निर्देश दिए। सीडीओ आलोक प्रसाद ने कहा कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में डीडीओ राजन राय, पीडी महेन्द्र प्रताप यादव समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।