ग़ाज़ीपुर

पढाई के मंदिर में मौत मंज़र:कोचिंग सेंटर में भीषण आग,14 छात्रो़ की मौत

लखनऊ – राजधानी के अलीगंज स्थित पुरनिया क्षेत्र में मंगलवार को एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का KGMU ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।जानकारी के मुताबिक, कोचिंग सेंटर में अचानक आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं और लपटों से घिर गया। अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई बच्चों ने ऊपरी मंजिलों से छलांग लगा दी। हादसे के दिल दहला देने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम तत्काल रद्द कर दिए और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। सीएम ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को बेहतर इलाज देने और पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 14 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना बताया। उन्होंने बताया कि KGMU में भर्ती कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।यह हादसा एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।