पांच बच्चे हुए अनाथ,समरसेबल से नहाते समय करंट से हुई मौत

भांवरकोल, गाजीपुर – भांवरकोल थाना क्षेत्र के परसदा गांव में मंगलवार को समरसेबल के पानी से नहाने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।परसदा गांव निवासी जोखू राम (45 वर्ष) पुत्र दीपु राम गांव के ही नंदलाल राय के यहां मजदूरी करते थे। मंगलवार को वह समरसेबल के पानी से नहा रहे थे, तभी अचानक समरसेबल में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से जोखू राम की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक अपने पीछे पत्नी उर्मिला देवी (40 वर्ष), तीन पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही भांवरकोल पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं विद्युत विभाग के जेई चंदन सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








