तीन दिन पूर्व लापता व्यक्ति का शव मिला रेलवे ट्रैक के किनारे

गाजीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव निवासी एक व्यक्ति का शव माहपुर रेलवे स्टेशन के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विंध्याचल यादव उर्फ मुन्ना यादव के रूप में हुई है।पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को ट्रेन की चपेट में आने से मौत मान रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। कैसे गायब हुए थे विंध्याचल यादव: जानकारी के अनुसार, विंध्याचल यादव बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे घर से मऊ जाने के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि उन्होंने माहपुर रेलवे स्टेशन पर अपने एक बच्चे को छोड़ा था। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया।देर रात तक घर न लौटने पर पत्नी चंद्रावती देवी ने सैदपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पति की तलाश की गुहार लगाई। मोबाइल मिलने के बाद बरामद हुआ शव: शिकायत मिलते ही कोतवाल अनिल सिंह के निर्देशन में पुलिस ने खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान माहपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर विंध्याचल यादव का मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिला।मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान ट्रैक के समीप एक गड्ढे से उनका शव बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार, शव के हाथ और पैर पर ट्रेन से कटने जैसे निशान मिले हैं। इसी आधार पर प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए:पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








