बाइक मैकेनिक की बेरहमी से हत्या,गर्दन में फंसा मिला चाकू

गाजीपुर। जमानियां थाना क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां घर में सो रहे 24 वर्षीय बाइक मैकेनिक विजय उर्फ भोला बिंद की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह कमरे में उसका खून से लथपथ शव और गर्दन में चाकू फंसा मिला। मौसा को इस तरह मिली लाश:सब्बलपुर कलां निवासी निर्मला देवी के चार बेटों में विजय मंझला था। करीब 4 साल पहले नाना की मृत्यु के बाद वह अपनी मौसी ऊषा के साथ ननिहाल में रह रहा था। वह भैदपुर जमानिया कस्बा में बाइक की दुकान चलाता था और रोज रात को दुकान बंद कर घर लौट आता था।रविवार सुबह जब मौसा शिवकरन बिंद दाढ़ी बनवाने के लिए निकले तो कमरे का दरवाजा खुला देख अंदर गए। वहां विजय जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। गर्दन के बाईं ओर चाकू फंसा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य: सूचना मिलते ही जमानियां पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग में लगाया हत्या का आरोप: मृतक की मां निर्मला ने बताया कि विजय का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई गई है।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वारदात से पहले कुछ लोग घर के बाहर आए थे और मोबाइल से मकान की तस्वीरें खींचकर ले गए थे। क्षेत्राधिकारी जमानिया का बयान: सीओ अंकित तिवारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।








