कुख्यात हिस्ट्रीशीटर की जेल में हत्या की साज़िश का आरोप,भाई ने सीएम -डीजीपी को भेजा पत्र

गाजीपुर – जिला कारागार में बंद कुरव्यात हिस्ट्रीशीटर अमित राय की सुरक्षा को लेकर उनके भाई अनूप कुमार राय ने गंभीर आरोप लगाए हैं। अनूप ने बुधवार को मुख्यमंत्री, डीजीपी, डीआईजी वाराणसी, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। क्या है मामला:शिकायतकर्ता अनूप कुमार राय पुत्र रामप्रवेश राय, निवासी जोगा मुसाहिब थाना करीमुद्दीनपुर ने आरोप लगाया कि उनके भाई अमित राय एवं गांव के आयुष राय को 1 जुलाई 2026 की रात एसओजी टीम द्वारा उठाया गया। बाद में फर्जी कहानी बनाकर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 461/2026 दर्ज कराया गया। आरोप है कि फर्जी ढंग से 32 बोर की पिस्टल बरामदगी दर्शाकर 3 जुलाई 2026 को अमित राय को जेल भेज दिया गया। अनूप का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने 2 जुलाई को डीजीपी, डीआईजी वाराणसी और जिलाधिकारी गाजीपुर को भी सूचना दी थी। पुलिस अधीक्षक से मिलने पर मारपीट का आरोप:प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि जब शिकायतकर्ता पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचा तो उसके साथ मारपीट की गई। उसे कोतवाली भेजकर दो दिन तक निरुद्ध रखा गया और बाद में उसके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।जेल में हत्या की साज़िश का आरोप:अनूप कुमार राय ने आशंका जताई है कि उनके भाई अमित राय की जेल के अंदर, न्यायालय में पेशी के दौरान या जेल स्थानांतरण के नाम पर सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कराई जा सकती है।शिकायत में पूर्व सांसद अतुल राय उर्फ अतुल सिंह निवासी वीरपुर थाना भांवरकोल, प्रवीण कुमार उपाध्याय निवासी रेडमार, एसओजी टीम और उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा चौकी प्रभारी गोराबाजार का नाम लेते हुए इनकी कथित भूमिका की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। सुरक्षा बढ़ाने की मांग:पत्र में मांग की गई है कि अमित राय को तत्काल समुचित सुरक्षा दी जाए, प्रत्येक न्यायालयी पेशी के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाए और बिना पर्याप्त कारण जेल स्थानांतरण न किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में अमित राय के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो नामित व्यक्तियों एवं संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार माना जाए।(डीएनए)








