ग़ाज़ीपुर

गोडी़ खास मासूम हत्याकांड:कई संदिग्ध हिरासत में, पुलिस बोली -जल्द होगा खुलासा

भांवरकोल (गाजीपुर) – थाना भांवरकोल क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में 4 वर्षीय मासूम सिद्धार्थ की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को गोड़ी खास निवासी जामवंत कुशवाहा ने अपने 4 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना थाना भांवरकोल में दी थी। सूचना पर पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की थी। इसके बाद से पुलिस की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी थीं।इसी बीच 9 जुलाई को मासूम के पिता ने पुलिस को सूचना दी कि बच्चे का शव घर के पास ही बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का बयान:मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।