ग़ाज़ीपुर

10 वीं के छात्र पर चाकुओं से हमला,हालत गंभीर

नगसर (गाजीपुर) – पुरानी रंजिश के चलते दसवीं कक्षा के छात्र पर 6 नकाबपोश हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना गुरुवार को गगरन गांव में हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।नहर के पास भेड़ चराते समय किया हमला:ग्रामीणों के अनुसार, गगरन गांव निवासी 15 वर्षीय अरुण पाल नहर के समीप भेड़ चरा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए 6 नकाबपोश युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते छात्र पर चाकुओं से कई वार किए। खून से लथपथ अरुण अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमले के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सीएचसी में उपचाराधीन, 3 गहरे घाव:घटना की सूचना परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजन घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस सुरक्षा में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि छात्र की पीठ पर तीन गहरे चाकू के घाव हैं, जिनसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। छात्र फिलहाल अचेत अवस्था में उपचाराधीन है।घायल छात्र के बड़े भाई यशवंत पाल ने बताया कि अरुण क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ता है। कुछ दिन पहले अरुण के दोस्तों की हमलावरों से मारपीट हुई थी। हमलावरों को शक था कि अरुण भी उस विवाद में शामिल था, जबकि उसका उस घटना से कोई लेना-देना नहीं था। मुकदमा दर्ज, दबिश जारी:इस मामले में घायल छात्र के परिजनों ने 2 नामजद और 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष धीरेंद्र सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सभी हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।