ग़ाज़ीपुर

समोसे के पैसे के विवाद में युवक को घर से खींचकर पीटा, ट्रामा सेंटर रेफर

गहमर (गाजीपुर) – समोसे के पैसे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गहमर थाना क्षेत्र के देवल गांव में 3 लोगों ने एक युवक को उसके घर से बाहर खींचकर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालत नाजुक होने पर घायल को ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया है।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार देवल गांव निवासी शैलेन्द्र कुमार पुत्र श्रीनिवास राम 4 जुलाई की शाम करीब 7 बजे गांव में शैलेश गुप्ता की समोसे की दुकान पर समोसा खरीदने गया था। इसी दौरान समोसे के पैसे को लेकर दुकानदार से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख शैलेन्द्र घर लौट आया।आरोप है कि कुछ देर बाद वीरू कुमार, विकास कुमार (दोनों पुत्र शैलेश गुप्ता) तथा गोविन्द कुमार गुप्ता (पुत्र रामचीज गुप्ता) शैलेन्द्र के घर पहुंच गए। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे घर से बाहर खींच लिया और जमीन पर पटककर लोहे की रॉड, लाठी-डंडे तथा ईंट से बेरहमी से मारपीट की। हमले में शैलेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद परिजनों ने घायल शैलेन्द्र को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां भी हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी भेज दिया गया।इस संबंध में गहमर प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध बृहस्पतिवार को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।