ग़ाज़ीपुर

राजकीय छात्रावासों में प्रवेश के लिए आनलाइन आवेदन शुरू,31 जुलाई तक करें आवेदन

गाजीपुर, 10 जुलाई 2026: – समाज कल्याण विभाग द्वारा जनपद गाजीपुर में संचालित राजकीय अनुसूचित जाति (बालक/बालिका) छात्रावासों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।जनपद में संचालित सकलेनावाद, छावनीलाईन, सादात एवं जलालाबाद छात्रावासों में प्रवेश हेतु इच्छुक छात्र/छात्राएँ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।इच्छुक छात्र/छात्राएँ विभागीय वेबसाइट/पोर्टल http://upswdhms-upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।नए प्रवेशार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।गत वर्ष 2025-26 में निवासरत छात्र/छात्राओं को भी ऑनलाइन नवीनीकरण आवेदन करना अनिवार्य होगा।ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 08 जुलाई, 2026 से 31 जुलाई, 2026 तक चलेगी। निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात किए गए आवेदन पत्र मान्य नहीं होंगे।ऑनलाइन आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शिक्षण संस्थान की फीस रसीद, दूरी प्रमाण पत्र, अभिभावक के हस्ताक्षर तथा समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा।आवेदन की प्रति संबंधित छात्रावास/ जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन कमरा नंबर 38 में जमा करना भी अनिवार्य है। प्रवेश हेतु प्रमुख शर्तें-आरक्षित: उपलब्ध क्षमता का 70 प्रतिशत स्थान अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए तथा 30 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए आरक्षित होंगे। दिव्यांग छात्रों को प्रवेश में वरीयता दी जाएगी।पात्रता: छात्रावास में केवल वे छात्र/छात्रा ही पात्र होंगे जो नियमित रूप से किसी कॉलेज/विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हों। किसी भी प्रकार की नौकरी/अन्य व्यवसाय में लगे छात्रों को प्रवेश नहीं मिलेगा।चयन का आधार: प्रवेश छात्र की योग्यता, उच्च शिक्षा की प्राथमिकता तथा मूल निवास स्थान की दूरी के आधार पर किया जाएगा।आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थी वेबसाइट पर प्रदर्शित नियम एवं शर्तों को भली-भांति अवश्य पढ़ लें। अपूर्ण आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।